Sat. Jun 27th, 2026

अजमेर। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राजस्थान, अजमेर द्वारा वर्ष 2025 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं के लिए एकल/द्विपुत्री योग्यता पुरस्कार योजना-2025 के अंतर्गत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह योजना राज्य की प्रतिभाशाली छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।

बोर्ड द्वारा जारी सूचना के अनुसार, वे छात्राएं पात्र होंगी जिन्होंने माध्यमिक, उच्च माध्यमिक, प्रवेशिका या वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा-2025 में निर्धारित कटऑफ अंक या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हों। साथ ही, छात्रा अपने परिवार की एकमात्र संतान हो अथवा परिवार में केवल दो संतानें हों और दोनों बालिकाएं हों, अथवा तीन संतानें हों जिनमें एक पुत्र के बाद दो पुत्रियां हों।

योजना के अंतर्गत राज्य स्तर पर चयनित छात्राओं को 31 हजार से 51 हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति दी जाएगी, जबकि जिला स्तर पर चयनित छात्राओं को 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। विभिन्न परीक्षाओं एवं संकायों के लिए कटऑफ अंक अलग-अलग निर्धारित किए गए हैं।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 22 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर किसी भी प्रकार का विचार नहीं किया जाएगा।

आवेदन पत्र, शपथ पत्र का प्रारूप एवं विस्तृत दिशा-निर्देश बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं। छात्रवृत्ति राशि का भुगतान चयनित छात्राओं के स्वयं के बैंक खाते में ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।

शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने इस योजना को बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया है, जिससे मेधावी छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक संबल मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *