बीकानेर, 17 जुलाई 2026। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 3, नाल (बीकानेर) में केंद्रीय विद्यालय संगठन, जयपुर संभाग के तत्वावधान में आयोजित भारत स्काउट एवं गाइड तृतीय सोपान परीक्षण शिविर-2026 का शुभारंभ शुक्रवार को उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। तीन दिवसीय यह आवासीय शिविर 17 जुलाई से 19 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा।प्राचार्य श्री दिलीप सिंह राजपुरोहित ने बताया कि शिविर में जयपुर संभाग के 25 केंद्रीय विद्यालयों से आए 113 स्काउट, 97 गाइड्स, 37 अनुरक्षक तथा 6 परीक्षक भाग ले रहे हैं। आगामी तीन दिनों तक प्रतिभागी विभिन्न प्रशिक्षण एवं परीक्षण गतिविधियों में भाग लेकर स्काउट-गाइड की विविध दक्षताओं का विकास करेंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री महिपाल सिंह, प्राचार्य, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, बीकानेर तथा विशिष्ट अतिथि श्री विनोद भारतीय, प्राचार्य, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, बीकानेर रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य द्वार पर स्काउट्स की कलर पार्टी द्वारा अतिथियों के गरिमामय स्वागत से हुआ। तत्पश्चात माँ सरस्वती एवं स्काउट आंदोलन के संस्थापक लॉर्ड बैडेन-पॉवेल की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री दिलीप सिंह राजपुरोहित ने अतिथियों का हरित पौधा भेंट कर स्वागत किया तथा विद्यालय के स्काउट एवं गाइड शिक्षकों ने स्काउट-गाइड स्कार्फ पहनाकर उनका अभिनंदन किया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह को गरिमामय एवं आकर्षक बना दिया।
शिविर के एल.ओ.सी. श्री अजय जी ने अपने स्वागत उद्बोधन में शिविर की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए तीन दिवसीय कार्यक्रम की गतिविधियों, परीक्षण प्रक्रिया एवं उद्देश्यों से सभी प्रतिभागियों को अवगत कराया।
अपने उद्बोधन में विद्यालय प्राचार्य श्री दिलीप सिंह राजपुरोहित ने सभी अतिथियों, परीक्षकों, अनुरक्षकों, प्रतिभागियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियाँ विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से शिविर का पूर्ण लाभ उठाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने भी अपने संबोधन में स्काउट-गाइड आंदोलन के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को सेवा, समर्पण एवं अनुशासन की भावना के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
तीन दिवसीय इस शिविर के माध्यम से प्रतिभागियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास एवं जीवनोपयोगी कौशलों का विकास होगा तथा तृतीय सोपान परीक्षण की विभिन्न गतिविधियों का सफलतापूर्वक संचालन किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन श्री राजा श्री जांगिड़ ने किया