Wed. Jul 15th, 2026

बीकानेर, 14 जुलाई।

राजस्थान विधानसभा के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे अमृत महोत्सव के दौरान बीकानेर पश्चिम के पूर्व विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला को उनके लंबे और उल्लेखनीय विधायी अनुभव के लिए सम्मानित किया जाएगा। इस गरिमामय समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति वरिष्ठ विधायकों का सम्मान करेंगे।

डॉ. कल्ला राज्य के उन अनुभवी जनप्रतिनिधियों में शामिल हैं, जिन्होंने पाँच दशकों से अधिक समय तक विधानसभा की कार्यवाही और जनहित के मुद्दों में सक्रिय भूमिका निभाई है। अपने संसदीय कौशल, प्रभावी वक्तृत्व और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता के कारण वे कई बार राज्य विधानसभा द्वारा उत्कृष्ट विधायक के रूप में सम्मानित हो चुके हैं।

अमृत महोत्सव के दौरान विधानसभा के 75 वर्षों में पारित महत्वपूर्ण विधेयकों और लोकतांत्रिक परंपराओं पर वरिष्ठ एवं पूर्व विधायकों के विचार भी साझा किए जाएंगे। इस अवसर पर डॉ. बी. डी. कल्ला राजस्थान अनिवार्य शिक्षा अधिनियम, 1964 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपने अनुभव साझा करेंगे।

डॉ. कल्ला के सम्मान की घोषणा पर बीकानेर में खुशी का माहौल है। विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक संगठनों ने इसे शहर के लिए गौरव का क्षण बताते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दी हैं। लोगों का कहना है कि डॉ. कल्ला ने अपने सार्वजनिक जीवन में बीकानेर के विकास और जनहित के मुद्दों को सदैव प्रमुखता से उठाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *