Mon. May 25th, 2026

जयपुर/बीकानेर।

राजस्थान में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और लू के चलते स्कूली विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। राज्य सरकार ने ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि बढ़ाते हुए अब स्कूलों को 29 जून तक बंद रखने का निर्णय लिया है। पहले अवकाश 20 जून तक निर्धारित था, लेकिन मौसम की गंभीर स्थिति और लगातार उठ रही मांगों के बाद सरकार ने यह बड़ा फैसला लिया।

राजस्थान का शिक्षक समुदाय भी लंबे समय से गर्मी की तीव्रता को देखते हुए अवकाश बढ़ाने की मांग कर रहा था। विभिन्न शिक्षक संगठनों ने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सरकार से छुट्टियां बढ़ाने का आग्रह किया था। शिक्षक संघों का कहना था कि तेज गर्मी और लू के बीच स्कूल खोलना विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों के लिए जोखिम भरा हो सकता है।शिक्षा विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। ऐसे में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और विभागीय अधिकारियों ने स्थिति की समीक्षा कर छुट्टियों में कटौती संबंधी पूर्व निर्णय वापस लेते हुए अवकाश बढ़ाने पर सहमति दी।

सरकार के इस निर्णय का अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षक संगठनों ने स्वागत किया है। अब प्रदेशभर के लाखों विद्यार्थियों को अतिरिक्त राहत मिलेगी तथा जुलाई से नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *