बीकानेर। शहर के पत्रकारों को भूखंड आवंटन की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान, बीकानेर इकाई ने जिला कलेक्टर एवं बीकानेर डेवलपमेंट अथॉरिटी (बीडीए) के चेयरमैन को ज्ञापन सौंपकर पत्रकारों के लिए आरक्षित भूखंडों के पारदर्शी और शीघ्र आवंटन की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि अब तक बीकानेर के पत्रकारों को केवल दो बार ही भूखंड आवंटित किए गए हैं, जबकि बड़ी संख्या में ऐसे पत्रकार हैं जिन्हें अब तक किसी भी प्रकार का लाभ नहीं मिला है। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि बीडीए द्वारा विकसित सभी कॉलोनियों में पत्रकारों के लिए आरक्षित भूखंडों को चिन्हित कर पात्र पत्रकारों को जल्द आवंटित किया जाए।
संगठन ने यह भी आग्रह किया कि विभिन्न कॉलोनियों में पत्रकारों के लिए कितने प्लॉट आरक्षित किए गए, कितने आवंटित हुए और कितने अभी रिक्त हैं—इसकी पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए। इसके अलावा, केवल अधिस्वीकृत पत्रकारों तक ही आवंटन सीमित रखने की शर्त को हटाने और अधिक से अधिक पात्र पत्रकारों को इसका लाभ देने की मांग भी रखी गई।
ज्ञापन में सुझाव दिया गया कि जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में एक विशेष शिविर आयोजित कर पत्रकारों के दस्तावेजों की जांच कर पात्रता के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाए।
साथ ही, संगठन ने क्राउन पार्क (पब्लिक पार्क) का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले यह पार्क पत्रकारों को दिया गया था, लेकिन बाद में बिना जानकारी के किसी निजी फर्म को सौंप दिया गया। संगठन ने मांग की कि उक्त पार्क पुनः पत्रकारों को सौंपा जाए, क्योंकि इसके विकास में पत्रकारों का आर्थिक सहयोग भी रहा है।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ पत्रकार अनुराग हर्ष, मनोज व्यास, श्याम नारायण रंगा और राजेश ओझा आनंद आचार्य, बृज मोहन रामावत,विनय थानवी, योगेश खत्री, कुलदीप चारण शामिल रहे।
जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करेगा और लंबे समय से लंबित इस मुद्दे का समाधान जल्द निकाला जाएगा।