बीकानेर, 25 अप्रैल। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट निशांत जैन द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब जिले के सभी राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों में कक्षा प्री-प्राइमरी से कक्षा 8वीं तक का समय परिवर्तित किया गया है।
आदेश के तहत 27 अप्रैल 2026 से अगले आदेश तक इन कक्षाओं का संचालन प्रातः 7:30 बजे से 11:30 बजे तक किया जाएगा। यह निर्णय मौसम विभाग के पूर्वानुमान और बढ़ती हीटवेव की स्थिति को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि छोटे बच्चों को तेज गर्मी से राहत मिल सके।
वहीं, कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों, विद्यालय स्टाफ तथा संचालित अन्य परीक्षाओं का समय पूर्ववत ही रहेगा। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को आदेश की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की अवहेलना करने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
जिला प्रशासन के इस निर्णय से अभिभावकों और विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, खासकर ऐसे समय में जब तापमान लगातार रिकॉर्ड स्तर की ओर बढ़ रहा है।