Sat. Oct 31st, 2026

 

एमजीएसयू के बीए अंग्रेजी साहित्य पाठ्यक्रम पर आधारित है पुस्तक श्रृंखला

बीकानेर, 30 अक्टूबर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के बीए अंग्रेजी साहित्य पाठ्यक्रम पर आधारित छह खंडों की पुस्तक श्रृंखला ‘द लिटरेरी कम्पास’ का लोकार्पण शनिवार, 31 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे विश्वविद्यालय के कुलपति सचिवालय में आयोजित होगा। प्रसिद्ध प्रकाशन संस्थान सूर्य प्रकाशन मन्दिर, बीकानेर द्वारा प्रकाशित इस श्रृंखला के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नरसी राम बिश्नोई होंगे।

श्रृंखला के मुख्य संपादक राजकीय महाविद्यालय गंगाशहर के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अविनाश जोधा हैं। सह-संपादकों में डॉ. मनीष महर्षि, डॉ. सुनीता नैन और डॉ. नीतू बिस्सा शामिल हैं। सूर्य प्रकाशन मन्दिर, बीकानेर द्वारा प्रकाशित ‘द लिटरेरी कम्पास’ के ये छह खंड स्नातक अंग्रेजी साहित्य के प्रथम से छठे सेमेस्टर तक की अध्ययन सामग्री को समेटते हैं। इनमें सोलहवीं और सत्रहवीं शताब्दी के साहित्य से लेकर रोमांटिक, उन्नीसवीं और बीसवीं शताब्दी के साहित्य, भारतीय अंग्रेजी लेखन तथा समकालीन विश्व साहित्य तक का परिचय दिया गया है। भारतीय भक्ति और चिंतन परंपराओं को भी संबंधित खंडों में स्थान मिला है।

विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सूर्य प्रकाशन मन्दिर की इस श्रृंखला में साहित्यिक युगों एवं प्रमुख अवधारणाओं की व्याख्या, आलोचनात्मक अध्ययन, विस्तृत सारांश, शब्दावली, संदर्भ-प्रसंग की व्याख्याएं, उत्तर सहित प्रश्न और बहुविकल्पीय अभ्यास सम्मिलित किए गए हैं। सामग्री को सरल और सुबोध भाषा में प्रस्तुत किया गया है, जिससे विद्यार्थी साहित्यिक कृतियों की समझ विकसित करने के साथ परीक्षा की तैयारी भी कर सकें।

समारोह में विशिष्ट आमंत्रित अतिथियों के रूप में राजकीय डूंगर महाविद्यालय के सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रोफेसर जी. पी. सिंह, प्राचार्य प्रोफेसर राजेंद्र पुरोहित, राजकीय महाविद्यालय गंगाशहर की प्राचार्य प्रोफेसर बबीता जैन, राजकीय डूंगर महाविद्यालय के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सोनू शिवा तथा एमजीएसयू की अंग्रेजी विभागाध्यक्ष एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सीमा शर्मा को आमंत्रित किया गया है।

कार्यक्रम में अतिथियों के अभिनंदन, पुस्तक श्रृंखला के परिचय और लोकार्पण के बाद संबोधन होंगे। अंत में सूर्य प्रकाशन मन्दिर के प्रकाशक डॉ. प्रशांत बिस्सा धन्यवाद ज्ञापित करेंगे। औपचारिक कार्यक्रम प्रातः 11:40 बजे संपन्न होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *