गोचर एवं ओरण भूमि संरक्षण को लेकर आज 17 जनवरी को होगी अहम प्रेस वार्ता
बीकानेर।
राजस्थान की पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संतुलन के प्रमुख आधार माने जाने वाले गोचर एवं ओरण भूमि संरक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में श्री सिद्ध स्याऊ बाबा गौ सेवा समिति द्वारा 17 जनवरी 2026, शनिवार को एक विशेष प्रेस वार्ता का आयोजन किया जाएगा।
यह प्रेस वार्ता विद्वान पंडित नथमल जी पुरोहित के पावन सानिध्य में आयोजित होगी, जिसमें क्षेत्र के प्रमुख संत-महात्मा एवं सामाजिक चिंतक अपने विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम में गोचर एवं ओरण भूमि पर हो रहे अतिक्रमण, उनके संरक्षण की आवश्यकता तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
प्रेस वार्ता में सरजुदास जी महाराज, पुजारी बाबा जी, श्री राजेंद्र जी किराडू एवं श्री बुलाकी दास जी कल्ला जैसे गणमान्य संत एवं समाजसेवी उपस्थित रहेंगे। समिति द्वारा इस अवसर पर गोचर संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देने की रूपरेखा भी मीडिया के समक्ष रखी जाएगी।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि गोचर एवं ओरण भूमि न केवल गौवंश बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक है। इनके संरक्षण के बिना संतुलित विकास संभव नहीं है।
प्रेस वार्ता का आयोजन दोपहर ठीक 3:00 बजे, श्री सिद्ध स्याऊ बाबा मंदिर परिसर (नाल रोड), बीकानेर में किया जाएगा। आयोजकों ने समस्त पत्रकार बंधुओं से इस जनहितकारी मुहिम को व्यापक जनसमर्थन दिलाने हेतु अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
यह आयोजन पंडित सूरा जी एवं श्री सिद्ध स्याऊ बाबा की प्रेरणा से जनहित में किया जा रहा है।