Tue. Jan 13th, 2026

कई जिलों में दृश्यता 50 मीटर तक सिमटी, यातायात हुआ बाधित

जयपुर। राजस्थान में सर्दी के साथ-साथ घने कोहरे का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार सुबह राजधानी जयपुर, बीकानेर, अजमेर, भरतपुर, दौसा, सीकर सहित कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर दृश्यता घटकर 50 मीटर तक सिमट गई, जिसके चलते सड़क और रेल यातायात पर सीधा असर देखने को मिला।

गांवो मे छाया कोहरा

सुबह के समय राष्ट्रीय राजमार्गों और शहरों की मुख्य सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। कोहरे के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ क्षेत्रों में बसें और ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से रवाना हुईं।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं और नमी के कारण प्रदेश के बड़े हिस्से में घना कोहरा बना हुआ है। विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों तक कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है। साथ ही वाहन चालकों को धीमी गति, फॉग लाइट और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

ग्रामीण इलाकों में खेतों और खुले क्षेत्रों में कोहरे का असर ज्यादा देखा गया, जिससे सुबह-सुबह खेतों में काम करने वाले किसानों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। ठंड और कोहरे के संयुक्त प्रभाव से तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है।

दिन मे भी वाहनों को लाइट जलाकर चलते हुए

प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। मौसम साफ होने तक सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *